अध्याय ९: सत्य की खोज और संकट का सामना
गाँव की शांत सुबह में हवाओं में एक अनकही बेचैनी तैर रही थी। दिव्याक्षी की शक्तियों पर संदेह अब गाँव वालों के मन में घर कर चुका था। उसकी पहचान पर संदेह के बादल घने हो चुके थे। गाँव के लोग उसे अजीब निगाहों से देखते, उसके पास जाने से कतराते, मानो वह कोई अनजाना खतरा हो। दिव्याक्षी ने बड़ी चालाकी से स्थिति को संभाला। दिव्याक्षी की आँखों में आत्मविश्वास की चमक थी। उसने मामले गंभीरता को देखते हुए, अपनी माया से एक स्फटिक माला उत्पन्न की, और उसे अपने शक्तियों का प्रमाण बताया।
उसने गाँववालों के सामने बड़ी कुशलता से अपनी कहानी गढ़ी, "यह माला एक सिद्ध साधु का आशीर्वाद है जो मुझे उनकी सेवा करने के कारण मिला है। मैं सब के तिरस्कृत होने पर हर तरफ से बेसहारा होकर कुछ महिनों तक दोबारा गाँव आने से पहले कुछ दिन नेत्रा के साथ उन्हीं के आश्रम में थी। मेरी शक्तियाँ किसी अनैतिक या अधर्मी स्रोत का परिणाम नहीं, बल्कि ईश्वर की कृपा हैं। उन्होंने कहा था कि यह शक्तियाँ सिर्फ़ संकट के समय, अपनी तथा लोगों की रक्षा के लिए हैं।” गाँववालों ने एक दूसरे की ओर देखा, और धीरे-धीरे उनका शक कम होने लगा। लेकिन इस शांत चेहरे के पीछे दिव्याक्षी के दिल में एक तूफान उमड़ रहा था। समय के साथ, उसकी असली पहचान और शक्तियों का रहस्य अब बहुत नज़दीक था।
गाँववाले भले ही संतुष्ट हो गए हों, लेकिन नेत्रा अब बड़ी हो रही थी और अपनी माँ की शक्तियों में छिपी सच्चाई को समझने लगी थी। उसकी मासूम आँखों में एक चिंगारी थी, जो हर बार उसकी माँ से सवाल पूछने पर और भड़क जाती। धीरे-धीरे नेत्रा, जो अब किशोरावस्था में कदम रख रही थी, अपनी माँ की शक्तियों को लेकर कई सवालों से घिरी हुई थी। उसकी माँ बाक़ी औरतों से इतनी अलग क्यों थी? नेत्रा ने कई बार अपनी माँ से सवाल किए थे, "माँ, तुममें ऐसी शक्तियाँ क्यों हैं? तुम बाक़ी औरतों से अलग क्यों हो?" दिव्याक्षी हर बार मुस्कुराकर कोई संतोषजनक उत्तर देने की कोशिश करती, लेकिन नेत्रा की आँखों में जिज्ञासा का सागर उमड़ने लगता जो खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। उसकी मासूमियत के पीछे एक गहरी खोज छिपी थी, जो अब और गहरी होती जा रही थी। नेत्रा के मन में कुछ अनकहे सवाल थे, जो शायद उसकी उम्र से भी परे थे।
उधर, नागलोक में हलचल मच चुकी थी। नागलोक में त्रिकाल की आँखों में क्रोध की लहरें उठ रही थीं। वज्राक्ष को यह एहसास हो चुका था कि दिव्याक्षी की शक्तियाँ और उसकी असली पहचान अब ख़तरे में है। एक असंतुष्ट और मायावी नाग, "त्रिकाल", नागलोक का सबसे शक्तिशाली और क्रूर नाग था, जो अब नागराज के खिलाफ़ एक गहरी साजिश रच चुका था। उसी ने उस भयानक विशालकाय अजगर को दिव्याक्षी और उसकी बेटी नेत्रा को खत्म करने के लिए गाँव की ओर भेजा था। उसकी मंशा साफ थी— नेत्रा को समाप्त करना और दिव्याक्षी को कमजोर करना, ताकि नागलोक पर उसकी पकड़ फिर से मज़बूत हो सके।
जब वज्राक्ष को इस साजिश की खबर मिली, उसकी आँखों में आक्रोश भर आया, और क्रोध की आग धधक उठी। उसने तुरंत साधु का वेश धारण कर गाँव की ओर रुख किया। रात का घना अंधेरा चारों ओर फैला हुआ था, और गाँव की शांत गलियों में केवल चांदनी का हल्का-सा उजाला था। वज्राक्ष ने दिव्याक्षी को जंगल के किनारे बुलाकर कहा, "तुम्हारी और नेत्रा की स्थिति अत्यंत गंभीर है, दुष्ट नाग त्रिकाल ने तुम्हें और नेत्रा को मारने की योजना बना ली है। हमें मिलकर इस संकट का सामना करना होगा| हमें जल्द ही कुछ करना होगा।" दिव्याक्षी की आँखों में चिंता की लकीरें साफ दिखाई दीं, लेकिन उसने अपने भीतर के भय को दबाकर हिम्मत जुटाते हुए बोली, "मैंने उस अजगर को रोका तो था, लेकिन उसकी असली मंशा अभी तक साफ़ नहीं हो पाई है। अगर त्रिकाल ने हमला किया है, तो ये केवल शुरुआत है।”
उस रात की घनी कालिमा में, वज्राक्ष और दिव्याक्षी ने एक साहसिक अभियान शुरू किया। वज्राक्ष ने गंभीर स्वर में कहा, "त्रिकाल के पास एक खतरनाक शक्तिशाली मणि है, जो उस मायावी अजगर को नियंत्रित कर रही है। हमें पहले उस मणि को नष्ट करना होगा, तभी हम इस संकट को टाल पाएंगे।" यह सुनकर दिव्याक्षी का चेहरा कठोर हो गया। दोनों ने एक साहसिक योजना बनाई और जंगल की अंधेरी गहराइयों में त्रिकाल के गुप्त ठिकाने की ओर बढ़े। रात की ख़ामोशी में, उनके कदम जंगल के सूखे पत्तों पर पड़ते हुए एक भीषण युद्ध की आहट लेकर चल रहे थे।
त्रिकाल पहले से तैयार था। उसने अपनी सारी मायावी शक्तियों को इकट्ठा कर लिया था। जैसे ही वज्राक्ष और दिव्याक्षी उसके ठिकाने में पहुंचे, त्रिकाल की गहरी हँसी जंगल में गूंज उठी। "नागराज, क्या तुम सच में सोचते हो कि तुम मुझे रोक सकते हो? मैं तुम्हारी बेटी को तुम्हारी आँखों के सामने नष्ट कर दूंगा!" त्रिकाल ने व्यंग्य करते हुए कहा। उसने अपनी मणि की शक्ति से एक भयानक ऊर्जा बाण छोड़ा, जिसे वज्राक्ष ने अपने नागदंड से रोक दिया। एक भयंकर युद्ध छिड़ चुका था। त्रिकाल के हर वार के पीछे उसकी नफ़रत की शक्ति थी, लेकिन वज्राक्ष और दिव्याक्षी दोनों अपनी-अपनी शक्तियों का बेहतरीन इस्तेमाल कर त्रिकाल के प्रहारों का सामना कर रहे थे। त्रिकाल की हर चाल नाकाम हो रही थी।
वज्राक्ष ने अपने दिव्य नागदंड से त्रिकाल की मणि पर निशाना साधा, लेकिन त्रिकाल भी आसानी से हार मानने वालों में से नहीं था। उसने अपनी मणि की शक्ति को और बढ़ा दिया, जिससे अजगर की शक्ति और भी भयंकर हो गई। लेकिन दिव्याक्षी ने अपनी नागिन शक्तियों का उपयोग कर त्रिकाल की हर चाल को मात देना शुरू कर दिया। उसकी आँखों में आग थी, और उसके भीतर की शक्ति हर पल बढ़ती जा रही थी। त्रिकाल के हमले कमजोर होने लगे, और अंततः वज्राक्ष ने अपने नागदंड से त्रिकाल की मणि को चकनाचूर कर दिया।
मणि के टूटते ही अजगर की शक्ति खत्म हो गई, और वह धीरे-धीरे धूल में मिल गया। त्रिकाल ने अपनी हार को देखte हुए तिल-मिलाकर आखिरी बार गुस्से में चिल्लाया, "तुमने मुझे आज हराया है, लेकिन मेरी छाया हमेशा तुम्हारे सिर पर मंडराती रहेगी!" उसके इन शब्दों के साथ ही वह अंधकार में विलीन हो गया। इस भयंकर युद्ध के बाद, जंगल की ख़ामोशी वापस लौट आई, और वज्राक्ष और दिव्याक्षी ने एक गहरी साँस ली। उन्होंने मिलकर एक भीषण संकट का अंत किया था।
इस भयंकर युद्ध के बाद, वज्राक्ष ने दिव्याक्षी से कहा, "त्रिकाल की योजना को नाकाम कर दिया गया है, लेकिन यह केवल एक शुरुआत है। हमें हर वक्त सतर्क रहना होगा। नेत्रा की सुरक्षा अब भी हमारी पहली प्राथमिकता है इसलिए हमें हर क्षण सजग रहना होगा।" दिव्याक्षी ने सहमति में सिर हिलाया, "हमारी सच्चाई और हमारे बीच की एकता ने ही हमें इस संकट से उबारा है। लेकिन अगर नेत्रा हमारी असली पहचान जान गई, तो शायद हम उसे खो बैठेंगे।" उसके चेहरे पर चिंता साफ़ झलक रही थी। वह जानती थी कि त्रिकाल का खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं था।
दूर छिपी नेत्रा ने यह पूरा दृश्य देखा था। उसकी आँखों में आँसू थे, लेकिन साथ ही गर्व भी। उसने देखा कि उसके माता-पिता कितने साहसी और शक्तिशाली थे। उसने अपने दिल में यह बात स्वीकार कर ली थी कि उनके पास कुछ रहस्य हैं, लेकिन उसने खुद से यह वादा किया कि वह उन रहस्यों को जानने की कोशिश नहीं करेगी। वह उनके प्रेम और सुरक्षा में ही खुश थी, और यही उसके लिए सबसे महत्वपूर्ण था।
उस रात, जब चाँदनी धीरे-धीरे पहाड़ों के पीछे छिपने लगी, वज्राक्ष, दिव्याक्षी और नेत्रा ने एक नई शुरुआत की। वे फिर से अपनी दुनिया में लौट आए, जहाँ शांति और सुरक्षा का वातावरण था, और जहाँ उनका परिवार फिर से एकजुट था। उनके सामने अनगिनत चुनौतियाँ थीं, लेकिन वे एक साथ थे—एक सच्चे संपूर्ण परिवार की तरह।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें